Thursday, October 22nd, 2026

युवराज सिंह के बल्ले ने फिर मचाई तबाही, इस बॉलर के 1 ही ओवर में जड़ डाले 4 छक्के

रायपुर
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह इस समय रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज में इंडिया लीजेंड्स की ओर से खेल रहे हैं। युवी ने वेस्टइंडीज लीजेंड्स के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में एक बार फिर छक्कों की झड़ी लगा दी। युवी ने पारी के 19वें ओवर में वेस्टइंडीज के लेग ब्रेक गेंदबाज महेंद्र नगामोतो की पहली गेंद पर डीप स्वॉयर लेग के ऊपर से शानदार छक्का लगाया। इसके बाद दूसरी गेंद पर उन्होंने ठीक उसी तरह से डीप मिडविकेट पर सिक्स जड़ दिया। महेंद्र ने तीसरी गेंद शॉर्ट फेंकी जिसे युवी ने स्ट्रेट ड्राइव के तहत छह रन के लिए बाउंड्री के पार भेज दिया। चौथी गेंद यॉर्कर थी जिसपर कोई रन नहीं बना। पांचवीं गेंद को फिर युवराज ने साइटस्क्रीन के ऊपर छह रन के लिए भेज दिया। युवी ने 20 गेंदों पर 6 छक्कों और एक चौके की मदद से नाबाद 49 रन बनाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 245 का रहा। कप्तान सचिन तेंडुलकर ने 42 गेंदों पर 65 रन की पारी खेली। यूसुफ पठान 21 गेंदों पर 27 रन बनाकर नाबाद लौटे। टीम इंडिया के पूर्व ओपनर वीरेंदर सहवा ने 17 गेंदों पर 35 रन की पारी खेली। सहवाग ने अपनी पारी में 5 चौके और एक छक्का लगाया। इस तरह इंडिया लीजेंड्स ने 20 ओवर में 3 विकेट पर 218 रन बनाए।

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लगातार 4 छक्के जड़े थे
इससे पहले युवराज ने हाल में इस टूर्नमेंट में दक्षिण अफ्रीका लीजेंड्स के खिलाफ लगातार 4 छक्के जड़े थे। उन्होंने जानडेर डि ब्रून के एक ही ओवर में यह कारनामा किया था। युवराज ने महज 21 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया था। युवी ने अपनी अर्धशतकीय पारी के दौरान 2 चौके और छह छक्के लगाए थे। उस मैच में युवराज ने 236 के स्ट्राइक रेट से रन जुटाए थे।युवी ने 2007 में टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड के एक ओवर में लगातार 6 छक्के लगाए थे।

 

#Yuvraj Singh

Source : Agency

पाठको की राय